कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों से पता चलता है कि YouTube का इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए. ये नीतियां हमारे प्लैटफ़ॉर्म पर मौजूद हर तरह के कॉन्टेंट पर लागू होती हैं. जैसे: 'सबके लिए मौजूद नहीं' या 'निजी' के तौर पर सेट किया गया कॉन्टेंट, टिप्पणियां, लिंक, पोस्ट, थंबनेल वगैरह. इनके साथ ही, ऐसे और कई कॉन्टेंट टाइप हैं जिन पर ये नीतियां लागू होती हैं. अगर आपका कॉन्टेंट हमारे कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करता है, तो आपके चैनल पर स्ट्राइक भेजी जा सकती है.
ध्यान दें: हम कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के अलावा, अन्य वजहों से भी कॉन्टेंट को हटा सकते हैं. जैसे, पहले पक्ष की ओर से निजता से जुड़ी शिकायत मिलने पर या अदालत के आदेश पर. इन मामलों में, आपके चैनल के ख़िलाफ़ स्ट्राइक नहीं भेजी जाएगी.
सामान्य नियमों का पालन करके वीडियो बनाना: YouTube के कम्यूनिटी दिशा-निर्देश
चैनल के ख़िलाफ़ स्ट्राइक मिलने पर क्या होता है
आपके चैनल को स्ट्राइक मिलने पर, आपको ईमेल से इसकी सूचना दी जाती है. आपके पास स्ट्राइक के बारे में मोबाइल या कंप्यूटर पर सूचना पाने का विकल्प है. इसके अलावा, चैनल की सेटिंग वाले पेज पर भी यह सूचना देखी जा सकती है. हम आपको इन बातों की भी जानकारी देंगे:
- कौनसा कॉन्टेंट हटाया गया है
- आपके कॉन्टेंट से किन नीतियों का उल्लंघन हुआ है. जैसे, उत्पीड़न या हिंसा की रोकथाम के लिए बनाई गई नीतियों का उल्लंघन
- इसका आपके चैनल पर क्या असर पड़ा है
- अब आपके पास क्या विकल्प हैं
अगर आपका कॉन्टेंट हमारे कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करता है, तो आपके चैनल पर ये असर दिखते हैं:
चेतावनी
हम समझते हैं कि गलतियां हो जाती हैं और आपका इरादा, हमारी नीतियों का उल्लंघन करना नहीं है. इसलिए, पहली बार उल्लंघन करने पर सिर्फ़ चेतावनी दी जाती है. यह चेतावनी 90 दिनों के बाद हट जाए, इसके लिए आपको नीति से जुड़ी ट्रेनिंग पूरी करनी होगी. हालांकि, यह ट्रेनिंग लेना ज़रूरी नहीं है. अगर आपका कॉन्टेंट 90 दिनों की अवधि में दोबारा उसी नीति का उल्लंघन करता है, तो हो सकता है कि चेतावनी न हटे और आपके चैनल पर एक स्ट्राइक भेज दी जाए.
कुछ मामलों में, ऐसा भी हो सकता है कि किसी गंभीर उल्लंघन की वजह से, चेतावनी दिए बिना ही चैनल बंद कर दिया जाए. अगर आपको लगता है कि हमसे कोई गलती हुई है, तो कृपया अपील सबमिट करें.
नीति से जुड़ी वैकल्पिक ट्रेनिंग
नीति से जुड़ी छोटी-छोटी ट्रेनिंग में आपको प्रॉडक्ट के बारे में जानकारी दी जाती है. इसमें क्रिएटर को कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों से जुड़ी उस नीति के बारे में बताया जाता है जिसका उसने उल्लंघन किया है.
कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की चेतावनी मिलने पर, नीति से जुड़ी ट्रेनिंग पूरी करने के लिए YouTube ऐप्लिकेशन पर या अपने Studio खाते पर जाएं. ट्रेनिंग को ऐसी किसी भी जगह से ऐक्सेस किया जा सकता है जहां नीति के उल्लंघन की जानकारी दिखे. जैसे, Studio का डैशबोर्ड और कॉन्टेंट टैब. आपको ईमेल और बैनर सूचनाओं में भी, ट्रेनिंग वाले पेज का लिंक दिखेगा. ध्यान दें: नीति की ट्रेनिंग, कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन से जुड़ी सभी चेतावनियों के लिए नहीं है.
नीति से जुड़ी वैकल्पिक ट्रेनिंग पूरी करने के 90 दिनों के बाद, चेतावनी हट जाएगी. 90 दिनों की अवधि, ट्रेनिंग पूरी होने के बाद शुरू होती है, न कि चेतावनी जारी किए जाने के बाद. अगर ट्रेनिंग पूरी करने के बाद किसी दूसरी नीति का उल्लंघन किया जाता है, तो आपको एक और चेतावनी मिलेगी.
अगर कोई चैनल बार-बार हमारी नीतियों का उल्लंघन करता है या उल्लंघन से जुड़ा एक भी गंभीर मामला सामने आता है, तो उसे बंद किया जा सकता है. अगर कोई क्रिएटर, नीतियों का बार-बार उल्लंघन करता है, तो उसे आने वाले समय में ट्रेनिंग लेने से रोका जा सकता है.
पहली स्ट्राइक
अगर हमें पता चलता है कि आपके कॉन्टेंट ने दूसरी बार हमारी नीतियों का उल्लंघन किया है, तो आपके चैनल पर एक स्ट्राइक भेजी जाएगी.
इस स्ट्राइक का मतलब है कि आपको एक हफ़्ते तक, ये काम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी:
- वीडियो अपलोड करना या लाइव स्ट्रीम करना
- शेड्यूल की गई लाइव स्ट्रीम शुरू करना
- वीडियो को सार्वजनिक करने के लिए शेड्यूल करना
- प्रीमियर बनाना
- आने वाले प्रीमियर या लाइव स्ट्रीम के लिए ट्रेलर जोड़ना
- कस्टम थंबनेल या पोस्ट बनाना
- प्लेलिस्ट बनाना, उनमें बदलाव करना या सहयोगियों को जोड़ना
- "सेव करें" बटन का इस्तेमाल करके वॉच पेज से, प्लेलिस्ट में वीडियो जोड़ना या हटाना
इस दौरान, शेड्यूल किया गया आपका सार्वजनिक कॉन्टेंट “निजी” के तौर पर सेट हो जाता है. रोक हटने के बाद, कॉन्टेंट को पब्लिश करने के लिए आपको इसे फिर से शेड्यूल करना होगा.
ध्यान दें: स्ट्राइक स्वीकार करने की तारीख से रोक शुरू हो जाती है.
एक हफ़्ते के बाद, सभी सुविधाएं अपने-आप फिर से चालू हो जाती हैं. हालांकि, आपके चैनल पर स्ट्राइक 90 दिनों तक बनी रहती है.
स्ट्राइक मिलने पर, ऐडवांस सुविधाओं का ऐक्सेस हटाया जा सकता है. ऐडवांस सुविधाओं का ऐक्सेस वापस पाने का तरीका जानें.
दूसरी स्ट्राइक
अगर पहली स्ट्राइक मिलने के 90 दिनों के अंदर आपके चैनल पर दूसरी स्ट्राइक भेजी जाती है, तो आपको दो हफ़्तों तक कॉन्टेंट पोस्ट करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. अगर कोई और समस्या नहीं आती है, तो दो हफ़्तों के बाद सभी सुविधाएं अपने-आप फिर से चालू हो जाएंगी. हर स्ट्राइक की समयसीमा, उसे जारी किए जाने के 90 दिनों के बाद ही खत्म होगी.
तीसरी स्ट्राइक
अगर आपके चैनल पर 90 दिनों के अंदर तीन स्ट्राइक भेजी जाती हैं, तो चैनल को YouTube से हमेशा के लिए हटाया जा सकता है. हर स्ट्राइक की समयसीमा, उसे जारी किए जाने के 90 दिनों के बाद ही खत्म होगी.
ध्यान दें: कॉन्टेंट को मिटाने से स्ट्राइक नहीं हटेगी. हम मिटाए गए कॉन्टेंट पर भी, कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की स्ट्राइक भेज सकते हैं. हम मिटाए गए कॉन्टेंट को किन मामलों में सेव करके रखते हैं, इस बारे में ज़्यादा जानने के लिए हमारी निजता नीति देखें.
अगर आपके आधिकारिक कलाकार चैनल को कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की स्ट्राइक मिलती है, तो चैनल को निलंबित कर दिया जाएगा. साथ ही, यह एक स्टैंडर्ड चैनल बन जाएगा. ज़्यादा जानें.
चैनल के ख़िलाफ़ स्ट्राइक मिलने पर क्या करें
हम चाहते हैं कि आप YouTube का इस्तेमाल जारी रखें. इसलिए, इन बातों का ध्यान रखें:
- हमारे कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों के बारे में जानें और पक्का करें कि आपका कॉन्टेंट हमारी नीतियों के मुताबिक हो.
- अगर आपके चैनल पर स्ट्राइक मिली है और आपको लगता है कि हमसे गलती हुई है, तो हमें इस बारे में बताएं. फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने के लिए, यहां जाएं.
YouTube अपने विवेक से, किसी क्रिएटर के चैनल पर कॉन्टेंट अपलोड करने से जुड़ी सुविधाओं को सीमित करने का अधिकार सुरक्षित रखता है. वह आपका चैनल बंद कर सकता है या उस पर, YouTube की सुविधाओं के इस्तेमाल को सीमित कर सकता है.
ऐसा होने पर, कोई दूसरा चैनल बनाकर या इस्तेमाल करके या फिर किसी और चैनल का ऐक्सेस हासिल करके भी उन सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. ऐसा तब तक होगा, जब तक आपके YouTube चैनल से पाबंदी नहीं हट जाती. इस पाबंदी के उल्लंघन को हमारी सेवा की शर्तों को गच्चा देने की कोशिश माना जाता है. ऐसा करने पर आपके सभी मौजूदा चैनल, आने वाले समय में बनाए जाने वाले चैनल या आपने जिनका ऐक्सेस हासिल किया है, और आपको बार-बार या मुख्य तौर पर दिखाने वाले चैनल बंद किए जा सकते हैं.