Google में हम ऑनलाइन सुरक्षा को गंभीरता से लेते हैं. Google खाते को सुरक्षित रखने के लिए, हमारी सलाह है कि आप यहां दिए गए चरणों का नियमित तौर पर पालन करें.
अहम जानकारी: Google आपको खाते के लिए तुरंत की जाने वाली कार्रवाई का सुझाव दे सकता है. इसके लिए वह लाल, पीले या नीले रंग के विस्मयादिबोधक चिह्न वाले आइकॉन का इस्तेमाल करता है. इस बारे में ज़्यादा जानने के लिए, 'सुझाई गई कार्रवाइयां' पर जाएं.
सुझाई गई कार्रवाइयां
"सुझाई गई कार्रवाइयां" के बगल में मौजूद विस्मयादिबोधक चिह्न का मतलब है कि Google ने आपको खाता सुरक्षित करने के लिए तुरंत कुछ कदम उठाने का सुझाव दिया है. विस्मयादिबोधक चिह्न के रंग से यह पता चलता है कि गंभीरता का स्तर क्या है:
- नीला: सुरक्षा से जुड़ी सलाह के लिए.
- पीला: ज़रूरी चरणों के लिए.
- लाल: बहुत ज़रूरी सूचनाओं के लिए.
हरे रंग के शील्ड के साथ सही का निशान दिखने का मतलब है कि आपका खाता सुरक्षित है और आपको कुछ भी करने की ज़रूरत नहीं है.
सूचनाएं देखने के लिए:
- Google खाते में साइन इन करें.
- सबसे ऊपर दाईं ओर, अपनी प्रोफ़ाइल फ़ोटो पर क्लिक करें.
- सुझाई गई कार्रवाइयां पर क्लिक करें.
- ऐसा करने पर, आपको सुरक्षा जांच के पेज पर भेजा जाता है. वहां आपको अपने खाते की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए, ज़रूरत के हिसाब से सुझाव मिलेंगे.
अगर "सुझाई गई कार्रवाइयां" नहीं दिखती हैं, तो इसका मतलब है कि Google के पास आपके लिए सुरक्षा से जुड़ा कोई सुझाव नहीं है. हालांकि, ऐसा होने पर भी अपने Google खाते में सुरक्षा का स्तर देखा जा सकता है. इसके लिए:
- Google खाते में साइन इन करें.
- अपना Google खाता मैनेज करें
सुरक्षा और साइन-इन पर क्लिक करें.
- अगर सभी सुझावों के हिसाब से कार्रवाई हो जाती है, तो इस पेज पर सबसे ऊपर एक हरा शील्ड दिखता है.
- अगर इस पेज पर हरे रंग का शील्ड दिखता है, तो इसका मतलब है कि आपका खाता सुरक्षित है. इस पेज पर आपके खाते को ज़्यादा सुरक्षित बनाने के लिए, सुरक्षा से जुड़ी सलाह भी दी जा सकती है.
सलाह: अगर आप एक पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता या ऐसे व्यक्ति हैं जिस पर ऑनलाइन हमले होने का खतरा बना रहता है, तो Advanced Protection Program के बारे में जानें.
पहला चरण: सुरक्षा जांच करें
Google खाते की सुरक्षा के बारे में ज़रूरत के हिसाब से सुझाव पाने के लिए, सुरक्षा जांच पर जाएं. इसमें ये बातें भी शामिल हैं:
खाता वापस पाने के विकल्प जोड़ना या अपडेट करनाखाता वापस पाने के लिए फ़ोन नंबर और ईमेल पता जोड़ने से, आपके खाते को काफ़ी सुरक्षा मिलती है. इस संपर्क जानकारी का इस्तेमाल, इन कामों में आपकी मदद करने के लिए किया जा सकता है:
- किसी और व्यक्ति को आपकी अनुमति के बिना आपका खाता इस्तेमाल करने से रोकना.
- आपके खाते में कोई संदिग्ध गतिविधि होने पर, आपको सूचना देना.
- आपके साइन इन न कर पाने पर, आपका खाता वापस पाने में मदद करना.
अपना खाता वापस पाने के विकल्प जोड़ने या बदलने का तरीका जानें.
पासवर्ड के बजाय पासकी का इस्तेमाल किया जा सकता है. यह साइन इन करने का एक आसान और सुरक्षित विकल्प है. पासकी की मदद से, अपने Google खाते में इनका इस्तेमाल करके साइन इन किया जा सकता है:
- फ़िंगरप्रिंट
- फ़ेस स्कैन
- फ़ोन का स्क्रीन लॉक, जैसे कि पिन
पासवर्ड के उलट, पासकी को शेयर या कॉपी नहीं किया जा सकता. साथ ही, उन्हें न तो लिखकर रखा जा सकता है और न ही गलती से किसी और को दिया जा सकता है. यही वजह है कि पासकी पर फ़िशिंग का खतरा भी कम रहता है.
दो चरणों में पुष्टि की सुविधा आपके खाते को हैकर से सुरक्षित रखती है, फिर चाहे उसने आपका पासवर्ड ही क्यों न चुरा लिया हो. मैसेज में कोड भेजकर की जाने वाली फ़िशिंग की आम तकनीकों से बचने के लिए, पुष्टि करने के दूसरे चरण के तौर पर कोई ज़्यादा मज़बूत विकल्प चुनें:
- सुरक्षा कुंजियां (पुष्टि करने का सबसे सुरक्षित तरीका)
- Google के अनुरोध (मैसेज में कोड भेजने के मुकाबले ज़्यादा सुरक्षित)
ज़्यादा सुरक्षा: ऐडवांस सुरक्षा
अगर आप एक पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता या ऐसे व्यक्ति हैं जिसके खाते पर ऑनलाइन हमला होने का खतरा बना रहता है, तो ज़्यादा सुरक्षा के लिए Advanced Protection Program में रजिस्टर करें. ऐडवांस सुरक्षा की सुविधा आपको फ़िशिंग से बचाने के लिए, सुरक्षा कुंजियों का इस्तेमाल करती है. साथ ही, वह असुरक्षित ऐप्लिकेशन ब्लॉक करने जैसे सुरक्षा के दूसरे तरीके भी अपनाती है.
खाते की संवेदनशील जानकारी को बेहतर तरीके से सुरक्षित रखने के लिए, यह देखें कि कौनसे ऐप्लिकेशन आपके खाते की जानकारी का इस्तेमाल कर सकते हैं. साथ ही, आपको जिन ऐप्लिकेशन की ज़रूरत नहीं है उनका ऐक्सेस हटा दें.
स्क्रीन लॉक की सुविधा चालू होने पर, आपकी अनुमति के बिना कोई भी आपके डिवाइस का इस्तेमाल नहीं कर सकता. अपने Android डिवाइस पर स्क्रीन लॉक सेट करने का तरीका जानें.
सलाह: किसी और डिवाइस या कंप्यूटर पर स्क्रीन लॉक सेट अप करने के बारे में जानने के लिए, उसे बनाने वाली कंपनी की सहायता साइट पर जाएं.
दूसरा चरण: सॉफ़्टवेयर अपडेट करें
अगर ब्राउज़र, ऑपरेटिंग सिस्टम या ऐप्लिकेशन का पुराना वर्शन इस्तेमाल किया जा रहा है, तो हैकर आसानी से सॉफ़्टवेयर को हैक कर सकते हैं. अपने खाते को सुरक्षित रखने के लिए, सॉफ़्टवेयर को अपडेट रखें.
अपना ब्राउज़र अपडेट करनाब्राउज़र के नए वर्शन का ही इस्तेमाल करें.
Google Chrome को अपडेट करने का तरीका जानें.
सलाह: किसी और ब्राउज़र को अपडेट करने का तरीका जानने के लिए, उसके डेवलपर की सहायता साइट पर जाएं.
ऑपरेटिंग सिस्टम के नए वर्शन का ही इस्तेमाल करें.
- Android डिवाइसों को अपडेट करना: अपने डिवाइस का Android वर्शन देखने और अपडेट करने का तरीका जानें.
- Chromebooks अपडेट करना: अपने Chromebook का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करने का तरीका जानें.
अहम जानकारी: अन्य डिवाइसों और कंप्यूटर अपडेट करने का तरीका जानने के लिए, डिवाइस बनाने वाली कंपनी की सहायता साइट पर जाएं.
ऐप्लिकेशन के नए वर्शन का ही इस्तेमाल करें.
- Android ऐप्लिकेशन अपडेट करना: जिन Chromebook पर Android ऐप्लिकेशन इस्तेमाल किए जा सकते हैं उनपर और Android डिवाइसों पर, अपने Android ऐप्लिकेशन अपडेट करने का तरीका जानें.
- यह पक्का करने के लिए कि आपके ऐप्लिकेशन अप-टू-डेट रहें, अपने Android डिवाइसों पर ऐप्लिकेशन को अपने-आप अपडेट करने की सुविधा चालू करें.
- Google Play Protect को चालू करना: Google Play Protect की सुविधाएं, Android डिवाइसों को नुकसान पहुंचाने वाले ऐप्लिकेशन से सुरक्षित रखने में मदद करती हैं.
- Google Play Protect को चालू करने का तरीका जानें.
जानकारी: अन्य डिवाइसों और कंप्यूटर पर ऐप्लिकेशन अपडेट करने का तरीका जानने के लिए, डिवाइस बनाने वाली कंपनी की सहायता साइट पर जाएं.
तीसरा चरण: यूनीक और मज़बूत पासवर्ड इस्तेमाल करें
एक से ज़्यादा साइटों पर, एक ही पासवर्ड का इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं है. अगर किसी एक साइट के लिए आपके खाते का पासवर्ड हैक हो जाता है, तो उसका इस्तेमाल दूसरी साइटों पर आपके खाते में साइन इन करने के लिए किया जा सकता है.
अपने हर खाते के लिए मज़बूत और यूनीक पासवर्ड बनाएं.
अपने पासवर्ड मैनेज करनापासवर्ड मैनेजर से, आपको हर साइट के लिए यूनीक और मज़बूत पासवर्ड बनाने के साथ ही उन्हें मैनेज करने की सुविधा मिलती है. इसके लिए, Chrome या किसी दूसरे भरोसेमंद पासवर्ड मैनेजर का इस्तेमाल किया जा सकता है.
अहम जानकारी: पासवर्ड जांचने की सुविधा का इस्तेमाल करके यह पता लगाया जा सकता है कि आपके Google खाते में सेव किए गए पासवर्ड बिना अनुमति के सार्वजनिक किए गए हैं या नहीं और आपके पासवर्ड मज़बूत हैं या नहीं. इसके अलावा, यह भी जाना जा सकता है कि उन्हें एक से ज़्यादा खातों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है या नहीं.
Google साइट के बजाय किसी तीसरे पक्ष की साइट पर Google खाते का पासवर्ड डालने पर सूचना पाने के लिए, Chrome पर पासवर्ड के लिए चेतावनी की सुविधा चालू करें. इससे आपको ऐसी साइट का पता चल जाएगा जो Google के नाम को गलत तरीके से इस्तेमाल करके काम कर रही है. यह सुविधा चालू होने पर, आपको अपना पासवर्ड चोरी होने पर, उसे बदलने का विकल्प भी मिलेगा.
सलाह: खाते की अतिरिक्त सुरक्षा के लिए, दो चरणों में पुष्टि करने की सुविधा चालू करें.
चौथा चरण: जिन ऐप्लिकेशन और ब्राउज़र एक्सटेंशन की ज़रूरत नहीं है उन्हें हटाएं
डिवाइस पर जितने ज़्यादा ऐप्लिकेशन इंस्टॉल किए जाते हैं, उस पर हैकिंग का जोखिम उतना ही बढ़ जाता है. संवेदनशील जानकारी को ऐक्सेस करने वाले डिवाइसों पर, ऐप्लिकेशन और ब्राउज़र के वही एक्सटेंशन इंस्टॉल करें जिनकी आपको ज़रूरत है. अपनी निजी जानकारी की बेहतर सुरक्षा के लिए, अनजान ऐप्लिकेशन या अज्ञात सोर्स से ऐप्लिकेशन इंस्टॉल न करें.
अपने डिवाइस पर ऐप्लिकेशन और एक्सटेंशन अनइंस्टॉल करने का तरीका जानें:
सलाह: अन्य डिवाइसों और ब्राउज़र से ऐप्लिकेशन और एक्सटेंशन हटाने का तरीका जानने के लिए, उन डिवाइसों या ब्राउज़र की सहायता साइट पर जाएं.
पांचवां चरण: संदिग्ध मैसेज और कॉन्टेंट से खाते की सुरक्षा करें
किसी संस्था के तौर पर काम करने, आपके परिवार का सदस्य होने या आपका सहकर्मी होने का दिखावा करने के लिए हैकर ईमेल, मैसेज, फ़ोन कॉल, और वेबसाइटों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
संदिग्ध अनुरोधों से बचना- अपने पासवर्ड शेयर न करें. Google कभी भी आपको ईमेल, मैसेज या फ़ोन करके पासवर्ड नहीं मांगता है.
- आपकी निजी या वित्तीय जानकारी मांगने वाले संदिग्ध ईमेल, मैसेज, फटाफट मैसेज या फ़ोन कॉल का जवाब न दें. इसके अलावा, संदिग्ध वेबपेजों पर अपनी निजी या वित्तीय जानकारी न डालें.
- ऐसी वेबसाइटों या लोगों से मिले ईमेल, मैसेज, वेबपेज या पॉप-अप में मौजूद लिंक पर क्लिक न करें जिन पर आपको भरोसा न हो.
आपके खाते को सुरक्षित रखने के लिए, Gmail अपने-आप संदिग्ध ईमेल की पहचान करता है. Gmail में पहले से मौजूद इस सुविधा का इस्तेमाल करके, संदिग्ध ईमेल और सेटिंग की पहचान खुद भी की जा सकती है:
- देखें कि Gmail मैसेज नकली तो नहीं है.
- पक्का करें कि ईमेल पता और ईमेल भेजने वाले का नाम, दोनों आपस में मेल खाते हों.
- अगर आपको Gmail में कोई संदिग्ध ईमेल मिलता है, तो उसकी शिकायत स्पैम या फ़िशिंग के तौर पर करें. इससे Google को धोखाधड़ी करने वाले लोगों की पहचान करने में मदद मिलेगी और Google भविष्य में उन लोगों को दोबारा ऐसा करने से रोक पाएगा.
- Gmail की सेटिंग में जाएं और देखें कि कोई अनजान गतिविधि तो नहीं हुई है.
सलाह: अपने कंप्यूटर पर Gmail का इस्तेमाल करने पर, ईमेल में संदिग्ध लग रहे लिंक पर क्लिक किए बिना उस पर कर्सर ले जाएं. ब्राउज़र में नीचे बाईं ओर उस लिंक का पूरा वेब पता नज़र आएगा. उसे देखकर तय करें कि आपको उस लिंक को खोलना है या नहीं.
Google Chrome और Search को इस तरह बनाया गया है कि आपको संदिग्ध कॉन्टेंट और अनचाहे सॉफ़्टवेयर के बारे में चेतावनी मिल सके.
Chrome और Search में इन चेतावनियों को मैनेज करने का तरीका जानें.
अगर आपको अपने खाते में संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो:
अपना खाता सुरक्षित रखने में मदद पाने के लिए बताया गया तरीका अपनाएं.