क्रिएटर्स, तीन अलग-अलग टाइटल और थंबनेल टेस्ट करके उनकी तुलना कर सकते हैं. टेस्ट के आखिर में, जिस टाइटल या टाइटल और थंबनेल के कॉम्बिनेशन को सबसे ज़्यादा समय तक देखा गया होगा उसे सभी दर्शकों को दिखाया जाएगा. यह ज़रूरी है कि आपका कॉन्टेंट हमारे कम्यूनिटी दिशा-निर्देशों के मुताबिक हो. ऐसा न होने पर, आपसे इस सुविधा का ऐक्सेस वापस लिया जा सकता है.
ज़रूरी शर्तें
- सिर्फ़ डेस्कटॉप पर उपलब्ध है: फ़िलहाल, यह सुविधा सिर्फ़ कंप्यूटर से YouTube Studio का इस्तेमाल करने पर उपलब्ध है.
- ऐडवांस सुविधाएं चालू करें: इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए, आपको ऐडवांस सुविधाएं चालू करनी होंगी. YouTube के अलग-अलग टूल और सुविधाओं के साथ-साथ ऐडवांस सुविधाओं को ऐक्सेस करने का तरीका भी जानें.
- वीडियो का फ़ॉर्मैट: फ़िलहाल, शॉर्ट वीडियो, शेड्यूल की गई लाइव स्ट्रीम, और प्रीमियर वीडियो के लिए A/B टेस्ट नहीं किया जा सकता. हालांकि, संग्रहित की गई लाइव स्ट्रीम के लिए A/B टेस्ट किया जा सकता है. प्रीमियर वीडियो के लिए इस सुविधा का इस्तेमाल सिर्फ़ तब किया जा सकेगा, जब वह खत्म होने के बाद लंबी अवधि के वीडियो के रूप में उपलब्ध होगा.
- कॉन्टेंट पर पाबंदियां: इनका इस्तेमाल उन वीडियो पर नहीं किया जा सकता जो 'बच्चों के लिए', 'वयस्कों के लिए' या 'निजी' के तौर पर सेट हैं. वीडियो की सेटिंग बदलने का तरीका जानें.
- ध्यान दें: अगर आपने टेस्ट करने वाले टूल में उम्र की पाबंदी (18 साल से ज़्यादा उम्र) वाला वीडियो अपलोड किया है और उसे उम्र की पाबंदी (18 साल से ज़्यादा उम्र) के तौर पर मार्क नहीं किया, तो आपके पास इस सुविधा का ऐक्सेस नहीं रहेगा. इस तरह की पाबंदी वाले किसी वीडियो के लिए A/B टेस्ट करने पर, टेस्ट काम नहीं करेगा. हालांकि, आने वाले समय में टेस्ट करने के लिए इस टूल का इस्तेमाल किया जा सकेगा. उम्र की पाबंदी वाले वीडियो के बारे में ज़्यादा जानें.
A/B टेस्ट करना
- YouTube Studio में साइन इन करें.
- वह वीडियो चुनें जिसके लिए टेस्ट करना है.
- किसी नए वीडियो का टेस्ट करना: सबसे ऊपर दाएं कोने में मौजूद, बनाएं
वीडियो अपलोड करें पर क्लिक करें. इसके बाद, वीडियो अपलोड करें.
- मौजूदा वीडियो के लिए टेस्ट करना: बाईं ओर मौजूद मेन्यू में जाकर, कॉन्टेंट पर क्लिक करें. इसके बाद, उस वीडियो पर क्लिक करें जिसके लिए टेस्ट करना है.
- किसी नए वीडियो का टेस्ट करना: सबसे ऊपर दाएं कोने में मौजूद, बनाएं
- टाइटल बॉक्स या थंबनेल में जाकर, A/B टेस्टिंग पर क्लिक करें.
- सिर्फ़ टाइटल, सिर्फ़ थंबनेल या टाइटल और थंबनेल में से कोई एक विकल्प चुनें.
- टेस्ट करने के लिए, ज़्यादा से ज़्यादा तीन थंबनेल और/या टाइटल अपलोड करें.
- ध्यान दें: अगर आपने टेस्ट के दौरान वीडियो का टाइटल या थंबनेल बदला, तो टेस्ट अपने-आप रुक जाएगा. इसके बाद, आपको A/B टेस्ट फिर से शुरू करना होगा.
- हो गया पर क्लिक करें.
टेस्ट के नतीजे आने में दो हफ़्ते लग सकते हैं.
A/B टेस्ट की समीक्षा करना या उन्हें रोकना
अगर आपने कोई A/B टेस्ट किया है, तो उसके नतीजों की समीक्षा की जा सकती है. इसके अलावा, आपके पास टेस्ट को रोकने का विकल्प भी रहता है.
- YouTube Studio में साइन इन करें.
- वह वीडियो चुनें जिसके लिए टेस्ट किया है.
- Analytics पर क्लिक करें.
- पहुंच टैब पर क्लिक करें.
- “आपका A/B टेस्ट कैसा चल रहा है” में जाकर, टेस्ट को मैनेज करें पर क्लिक करें.
A/B टेस्ट के नतीजों को समझना
टेस्ट के नतीजे, वीडियो की जानकारी वाले पेज पर जाकर या वीडियो के Analytics पेज के पहुंच टैब पर देखे जा सकते हैं.
A/B टेस्ट पूरा होने के बाद, सबसे ज़्यादा समय तक देखा गया वाला विकल्प सभी दर्शकों को दिखाया जाएगा. अगर कोई भी टाइटल या थंबनेल “विजेता” घोषित नहीं किया जाता है, तो सभी दर्शकों को आपका अपलोड किया गया पहला टाइटल या टाइटल और थंबनेल का कॉम्बिनेशन दिखाया जाएगा. टेस्ट पूरा होने के बाद, वीडियो के टाइटल या थंबनेल को मैन्युअल तरीके से कभी भी बदला जा सकता है.
A/B टेस्टिंग के लिए सलाह
- चुनिंदा वीडियो चुनें: टाइटल और थंबनेल के लिए A/B टेस्ट करने पर, ऐसा हो सकता है कि आपके कुछ वीडियो बाकी वीडियो से बेहतर परफ़ॉर्म करें. इसलिए, हमारा सुझाव है कि आप सबसे पहले पुराने वीडियो के लिए यह टेस्ट करें, ताकि इसका आपके चैनल के कुल व्यू पर कम असर पड़े. इसके बाद, उन वीडियो को चुनें जो आपके चैनल के कॉन्टेंट से जुड़ी रणनीति को टेस्ट करने के लिए सबसे ज़्यादा मददगार साबित होंगे.
- एक-दूसरे से अलग टाइटल और थंबनेल टेस्ट करें: अगर टेस्ट किए जा रहे सभी टाइटल और थंबनेल एक जैसे या मिलते-जुलते दिखते हैं, तो टेस्ट का नतीजा आने में ज़्यादा समय लग सकता है. ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि “विजेता” का फ़ैसला करने के लिए, विकल्पों में ज़्यादा अंतर नहीं होता.
- धैर्य रखें: इंप्रेशन में अंतर, वीडियो के पब्लिश किए जाने के समय, और अन्य वजहों से A/B टेस्ट पूरा होने में कुछ दिनों से लेकर दो हफ़्ते तक का समय लग सकता है.
- हाई रिज़ॉल्यूशन वाले थंबनेल अपलोड करें: हमारा सुझाव है कि सभी थंबनेल के लिए, सबसे ज़्यादा रिज़ॉल्यूशन का इस्तेमाल करें. अगर किसी थंबनेल का रिज़ॉल्यूशन 720 पिक्सल (1280 x 720) से कम है, तो एक्सपेरिमेंट में शामिल सभी थंबनेल का साइज़ 480 पिक्सल (854 x 480) हो जाएगा. कस्टम थंबनेल के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सबसे असरदार तरीकों के बारे में ज़्यादा जानें.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
यह टेस्ट कैसे काम करता है?
एक्सपेरिमेंट के आखिर में, वीडियो देखने के कुल समय के बंटवारे के आधार पर आपको इनमें से एक नतीजा दिखेगा:
- विजेता: इसका मतलब है कि उस विकल्प की परफ़ॉर्मेंस अन्य विकल्पों से बेहतर है. हमें यकीन है कि जो भी नतीजा आएगा वह आपके लिए काफ़ी अहम साबित होगा, क्योंकि यह दर्शकों की दिलचस्पी के आधार पर तय होता है.
- एक जैसी परफ़ॉर्मेंस: इसका मतलब है कि टेस्ट पूरा हो गया है और सभी विकल्पों की परफ़ॉर्मेंस करीब-करीब एक जैसी रही. शायद आपको थोड़ा अंतर दिखे, लेकिन यह अंतर इतना बड़ा नहीं है कि किसी एक विकल्प को विजेता घोषित किया जा सके. इसलिए, अपनी पसंद का विकल्प चुनें.
- कोई नतीजा नहीं मिला: इसका मतलब है कि आपके विकल्पों में, दर्शकों की दिलचस्पी में कोई खास अंतर देखने को नहीं मिला. ऐसे में, वीडियो के लिए सबसे पहले अपलोड किया गया टाइटल और थंबनेल ही डिफ़ॉल्ट टाइटल और थंबनेल होगा. इसके अलावा, अपनी पसंद के टाइटल और थंबनेल को मैन्युअल तरीके से कभी भी बदला जा सकता है.
कंट्रोल ग्रुप
YouTube कुछ दर्शकों को "कंट्रोल ग्रुप" में रखता है जिन्हें एक्सपेरिमेंट से बाहर रखा जाता है. इन्हें डिफ़ॉल्ट टाइटल और थंबनेल ही दिखाए जाते हैं न कि टेस्ट वर्शन. वीडियो की परफ़ॉर्मेंस में इनके व्यू वगैरह को A/B टेस्ट के नतीजों में नहीं गिना जाता.
टेस्ट के नतीजे में “विजेता” लेबल क्यों नहीं दिख रहा है?
टेस्ट के नतीजे में “विजेता” लेबल न मिलना आम बात है. A/B टेस्ट करते समय, “एक जैसी परफ़ॉर्मेंस” या “कोई नतीजा नहीं मिला” जैसे नतीजे मिलना भी आम है. टेस्ट की रिपोर्ट देखने के लिए, YouTube Analytics के 'पहुंच' टैब पर जाएं.
आपके वीडियो के लिए, “विजेता” लेबल न दिखने की कई वजहें हो सकती हैं:
- टाइटल या थंबनेल के विकल्पों के बीच ज़्यादा अंतर न होना: ऐसा हो सकता है कि आपने A/B टेस्ट के लिए, टाइटल या थंबनेल के जो विकल्प चुने उनमें कोई खास अंतर नहीं था, इसलिए उनका वीडियो की परफ़ॉर्मेंस पर कोई खास असर नहीं पड़ा.
- ज़रूरत के मुताबिक इंप्रेशन न मिलना: ऐसा हो सकता है कि आपके वीडियो पर ज़रूरत के मुताबिक इंप्रेशन न मिल रहे हों. आपके वीडियो पर जितने ज़्यादा व्यू मिलेंगे, “विजेता” लेबल मिलने की संभावना उतनी ही ज़्यादा होगी.
विजेता का पता लगाने के लिए, वीडियो देखने के कुल समय का इस्तेमाल क्यों किया जाता है?
बेहतरीन टाइटल और थंबनेल, वीडियो पर दर्शकों के क्लिक पाने के अलावा और भी अहम काम करते हैं. इनसे दर्शकों को यह समझने में मदद मिलती है कि वीडियो किस बारे में है, ताकि वे दूसरे वीडियो देखने में समय बर्बाद न करें.
आपके वीडियो पर ऑडियंस इंटरैक्शन बढ़ाने के लिए, हम क्लिक मिलने की दर जैसी अन्य मेट्रिक के बजाय, वीडियो देखने के कुल समय के लिए टेस्ट को ऑप्टिमाइज़ करते हैं.
मुझे टेस्ट के अलग-अलग नतीजे क्यों मिल रहे हैं?
कुछ मामलों में, A/B टेस्ट के अलग-अलग नतीजे मिल सकते हैं:
- एक ही वीडियो से अलग-अलग नतीजे: किसी वीडियो की परफ़ॉर्मेंस के आंकड़ों में अंतर होने की वजह से, उसके लिए टेस्ट के नतीजे अलग-अलग हो सकते हैं. यह सिक्का उछालने जैसा होता है, जिसमें हर बार अलग नतीजे मिलते हैं. समय के साथ, वीडियो के दर्शकों की कैटगरी में होने वाले बदलावों की वजह से भी, किसी वीडियो के लिए टेस्ट के नतीजे अलग-अलग हो सकते हैं. उदाहरण के लिए, शुरुआत में उन दर्शकों से इंप्रेशन मिलने की संभावना ज़्यादा होती है जो आपके चैनल के बारे में पहले से जानते हैं. वहीं, बाद में उन दर्शकों से इंप्रेशन मिलने की संभावना ज़्यादा होती है जिन्होंने अब तक आपके चैनल का कॉन्टेंट नहीं देखा है.
- तीसरे पक्ष के टूल से मिले टेस्ट के नतीजों की तुलना में YouTube के टेस्ट के नतीजे: अगर आपने तीसरे पक्ष के टूल इस्तेमाल किए हैं, तो अलग-अलग नतीजे मिल सकते हैं. YouTube के A/B टेस्ट, डेटा पर आधारित होते हैं और इनमें A/B/C वैरिएंट यानी सभी वैरिएंट दर्शकों को एक ही समय पर दिखाए जाते हैं.
तीसरे पक्ष के कई टूल, A/B टेस्ट को क्रम से करते हैं यानी एक वैरिएंट के बाद दूसरा वैरिएंट दिखाते हैं और अक्सर सिर्फ़ क्लिक मिलने की दर के आधार पर नतीजे देते हैं. इसलिए, इनके नतीजे YouTube से अलग हो सकते हैं और ये किसी और विकल्प को “विजेता” घोषित कर सकते हैं. जिन वीडियो में दर्शक ज़्यादा दिलचस्पी दिखाते हैं, जैसे कि जिनके लिए क्लिक मिलने की ज़्यादा दर, देखने का कुल समय वगैरह ज़्यादा होता है उन्हें ज़्यादा लोगों को दिखाया जाता है. हमारा मानना है कि “विजेता” का फ़ैसला वीडियो देखने के कुल समय के हिसाब से लिया जाना चाहिए. इससे क्रिएटर्स को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी.