अहम जानकारी: पक्का करें कि आपने टैक्स फ़ॉर्म सबमिट कर दिया हो. अगर आपने ज़रूरी शर्तें पूरी की हैं, तो हर साल 10 दिसंबर तक टैक्स समझौते के फ़ायदे पर दावा किया जा सकता है. यह बात सभी क्रिएटर्स पर लागू होती है. इस बात से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि आप अमेरिका में हैं या नहीं.
YouTube से कमाई करने वाले क्रिएटर्स को हर साल AdSense for YouTube में जाकर, अपने टैक्स की जानकारी देखनी चाहिए और उसे अपडेट करना चाहिए. क्रिएटर्स जिस साल अपना टैक्स फ़ॉर्म सबमिट करते हैं उसके तीन फ़ुल कैलेंडर ईयर के आखिर में टैक्स फ़ॉर्म की समयसीमा खत्म हो जाती है. भले ही, टैक्स से जुड़ी स्थितियों में कोई बदलाव न हुआ हो. इसका मतलब है कि उन्हें समय-समय पर, टैक्स की जानकारी सबमिट करते रहना होगा. टैक्स फ़ॉर्म की समयसीमा खत्म होने के बारे में ज़्यादा जानें.
टैक्स की जानकारी शेयर न करने पर Google, दुनिया भर से होने वाली कमाई में से, टैक्स के लिए सबसे ऊंची दर के हिसाब से पैसे रोक सकता है. टैक्स की दर, आपके AdSense for YouTube खाते के टाइप और देश पर निर्भर करेगी:
अपने टैक्स की जानकारी देखें और टैक्स समझौते के फ़ायदे पर दावा करें:
- पक्का करें कि हमें आपके टैक्स की जानकारी मिल गई हो. AdSense for YouTube में, दोबारा देखें कि आपके टैक्स फ़ॉर्म की स्थिति के तौर पर, हरे रंग में “स्वीकार किया गया” दिख रहा है या नहीं.
- आपने टैक्स समझौते के फ़ायदे लेने की ज़रूरी शर्तें पूरी की हैं या नहीं, यह जानने के लिए अपने टैक्स सलाहकार से संपर्क करें. टैक्स समझौते का फ़ायदा मिलने से, कुछ खास तरीकों से होने वाली कमाई में से रोके जाने वाले टैक्स की दर कम हो सकती है. जैसे:
- कॉपीराइट की अन्य रॉयल्टी (जैसे, YouTube Partner Program और Google Play)
- सेवाएं (जैसे, Google AdSense)
YouTube से होने वाली कमाई में से टैक्स के लिए पैसे रोके जाने के बारे में ज़्यादा जानें. इसके अलावा, Google को, अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स की जानकारी सबमिट करने के बारे में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल देखें.
यह Google की ज़िम्मेदारी है कि वह YouTube Partner Program (YPP) में शामिल क्रिएटर्स से टैक्स की जानकारी इकट्ठा करे. अगर YouTube क्रिएटर्स को अमेरिका में रहने वाले दर्शकों से कमाई होती है और उस पर किसी तरह का टैक्स काटा जाना है, तो Google टैक्स के लिए पैसे रोकेगा. इस कमाई में, विज्ञापन पर मिले व्यू, YouTube Premium, सुपर चैट, सुपर स्टिकर्स, सुपर थैंक्स, और पैसे चुकाकर ली जाने वाली चैनल की सदस्यताओं से होने वाली कमाई शामिल है.
Google, अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स के लिए पैसे क्यों रोकता है
अमेरिका के इंटरनल रेवेन्यू कोड के चैप्टर 3 के तहत, Google की ज़िम्मेदारी है कि वह YouTube के YPP में शामिल उन क्रिएटर्स से टैक्स की जानकारी ले जिन्हें अमेरिका में रहने वाले दर्शकों से कमाई हुई है. साथ ही, इन क्रिएटर्स की कमाई से टैक्स के लिए पैसे रोकने और इंटरनल रेवेन्यू सर्विस (आईआरएस) को इन सबकी जानकारी देने का काम भी Google का है. आईआरएस, अमेरिका की टैक्स से जुड़ी कानूनी एजेंसी है.
ध्यान दें: YouTube और Google, टैक्स से जुड़े मामलों में कोई सलाह नहीं दे सकते. अपनी कमाई पर लगने वाले टैक्स को बेहतर तरीके से समझने के लिए, किसी टैक्स विशेषज्ञ से सलाह लें.
Google को टैक्स की जानकारी सबमिट करना
YouTube से कमाई करने वाले सभी क्रिएटर्स के लिए, टैक्स की जानकारी सबमिट करना ज़रूरी है. इस बात से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि वे किस देश में रहते हैं. क्रिएटर्स को साल दो साल में, टैक्स की जानकारी दोबारा सबमिट करनी होती है. अगर स्थितियों में हुए किसी बदलाव की वजह से, टैक्स फ़ॉर्म में दी गई क्रिएटर्स की कोई जानकारी बदलती है, तो उन्हें इसके बारे में भी बताना होता है. टैक्स की जानकारी जल्द से जल्द सबमिट करें. टैक्स की जानकारी 10 दिसंबर तक सबमिट न करने पर, Google दुनिया भर से हुई आपकी कुल कमाई में से 24% तक टैक्स काट सकता है.
अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स की जानकारी Google को सबमिट करने के लिए, नीचे दिए गए निर्देशों का पालन करें. ध्यान रखें कि अगर स्थितियों में कोई ऐसा बदलाव नहीं होता जिससे टैक्स फ़ॉर्म में दी गई जानकारी बदलती हो, तब भी आपको हर तीन साल में टैक्स की जानकारी दोबारा सबमिट करने के लिए कहा जाएगा. इस बात का भी ध्यान रखें कि आईआरएस की शर्तों के मुताबिक, टैक्स फ़ॉर्म में सिर्फ़ लैटिन वर्णों का इस्तेमाल किया जा सकता है. ज़्यादा जानने के लिए यहां जाएं.
- अपने AdSense for YouTube खाते में साइन इन करें.
- पेमेंट
पेमेंट की जानकारी पर क्लिक करें.
- सेटिंग मैनेज करें पर क्लिक करें.
- स्क्रोल करके "पेमेंट्स प्रोफ़ाइल" पर जाएं और "अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स की जानकारी" के बगल में मौजूद, बदलाव करें
पर क्लिक करें.
- टैक्स की जानकारी मैनेज करें पर क्लिक करें.
- इस पेज पर आपको एक गाइड दिखेगी. इससे आपको टैक्स की स्थिति के हिसाब से सही फ़ॉर्म चुनने में मदद मिलेगी.
सलाह: टैक्स की जानकारी सबमिट करने के बाद, ऊपर दिए गए निर्देशों का पालन करके अपनी पेमेंट्स प्रोफ़ाइल में "अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स की जानकारी" सेक्शन पर जाएं. इस सेक्शन से, अपने पेमेंट पर लागू होने वाले टैक्स की दरों को देखा जा सकता है.
निजी या कारोबार से जुड़ी स्थितियां बदलने पर, उनके हिसाब से भी टैक्स की जानकारी में बदलाव किया जा सकता है. अगर आपने पता बदल लिया है, तो पक्का करें कि वह आपके अपडेट किए गए "स्थायी पता" और "लीगल पता", दोनों सेक्शन में एक ही हो. इससे पक्का हो सकेगा कि सालाना जमा होने वाले आपके टैक्स फ़ॉर्म (जैसे, 1099-MISC, 1099-K, 1042-S) सही पते पर भेजे जाएं. अगर आप अमेरिका में हैं, तो आपको अपडेट किए गए अपने लीगल पते के साथ W-9 फ़ॉर्म फिर से सबमिट करना होगा.
किन मामलों में अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स की जानकारी सबमिट करना ज़रूरी है
YPP में शामिल सभी क्रिएटर्स के लिए, अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स की जानकारी Google को देना ज़रूरी है. इस बात से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि वे किस देश में रहते हैं. अमेरिका के टैक्स कानून के तहत Google, अमेरिका के दर्शकों से हुई आपकी कमाई पर टैक्स काटेगा. हालांकि, ऐसा तभी होगा जब आपकी कमाई पर टैक्स लागू होगा. टैक्स के लिए पैसे रोकने की ज़रूरतें, आपके देश, किसी टैक्स समझौते के तहत आपको मिलने वाले फ़ायदों, और आपकी कैटगरी के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं. क्रिएटर्स के खातों को दो कैटगरी में बांटा गया है: व्यक्तिगत और कारोबारी.
- अमेरिका से बाहर रहने वाले क्रिएटर्स: अगर आपने अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स की जानकारी सबमिट की है, तो वहां के दर्शकों से होने वाली आपकी कमाई पर लगने वाले टैक्स की दर 0 से 30% के बीच होगी. इसके अलावा, यह दर इस बात पर भी निर्भर करती है कि आपके देश या इलाके का अमेरिका के साथ टैक्स समझौता है या नहीं.
- अमेरिका में रहने वाले क्रिएटर्स: टैक्स की सही जानकारी देने पर, Google आपकी कमाई में से टैक्स के लिए पैसे नहीं रोकेगा. अमेरिका में रहने वाले ज़्यादातर क्रिएटर्स ने टैक्स से जुड़ी अपनी जानकारी पहले ही सबमिट कर दी है.
ज़रूरी जानकारी: अमेरिकी कानून के हिसाब से लगने वाले टैक्स की जानकारी न देने पर Google, टैक्स की सबसे ऊंची दर से पैसे रोक सकता है. आप पर लगने वाले टैक्स की दर, आपके AdSense for YouTube के खाता टाइप और देश/इलाके पर निर्भर करेगी:
- कारोबारी खाता टाइप: अगर टैक्स चुकाने वाला क्रिएटर अमेरिका से नहीं है, तो अमेरिका के दर्शकों से होने वाली कमाई पर डिफ़ॉल्ट रूप से टैक्स कटने की दर 30% होगी. अमेरिका में रहने वाले क्रिएटर्स के लिए टैक्स की दर 24% होगी. यह दर, दुनिया भर से होने वाली उनकी कमाई पर लागू होती है.
- व्यक्तिगत खाता टाइप: इन खातों के लिए, बैकअप विदहोल्डिंग (टैक्स के लिए रोके गए पैसे) लागू होगी. इन खातों वाले क्रिएटर्स की दुनिया भर से होने वाली कुल कमाई का 24% हिस्सा, टैक्स के लिए रोका जाएगा.
अमेरिकी कानून के हिसाब से टैक्स की सही जानकारी AdSense for YouTube में सबमिट करने के बाद, टैक्स की दरों को अगले पेमेंट साइकल में अडजस्ट कर दिया जाएगा.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
टैक्स के लिए पैसे रोके जाने का क्या मतलब है?
आसान शब्दों में कहें, तो सरकार को टैक्स देने के लिए, आपको किए जाने वाले पेमेंट में से पैसे काटे जाते हैं. इसे ही टैक्स के लिए पैसे रोकना कहा जाता है. यह कटौती, अमेरिका के टैक्स कानूनों के तहत आपकी देनदारी चुकाने के लिए होती है.
अमेरिका के टैक्स कानून के तहत Google, टैक्स रोकने वाला एक एजेंट है. इसे अमेरिका के टैक्स कानून का पालन करना होता है. ज़रूरत पड़ने पर, इसे अमेरिका में YouTube पर क्रिएटर्स की होने वाली कमाई से, टैक्स के लिए पैसे रोकने पड़ते हैं.
अगर आपने टैक्स की सही जानकारी दी है, तो सिर्फ़ अमेरिका के दर्शकों से होने वाली कमाई से, टैक्स के लिए पैसे रोके जाएंगे और इसे टैक्स से जुड़ी रिपोर्ट में जोड़ा जाएगा.
किस दर से टैक्स के लिए पैसे रोके जाएंगे, यह Google को टैक्स के बारे में दी गई आपकी जानकारी से तय होगा. टैक्स फ़ॉर्म सबमिट करने के बाद, आपके पास AdSense for YouTube की पेमेंट सेटिंग के 'टैक्स की जानकारी मैनेज करें' सेक्शन में, टैक्स की दर को देखने का विकल्प होगा. YouTube Analytics में, टैक्स के लिए रोके गए पैसों की जानकारी नहीं दिखती.
उदाहरण
मान लेते हैं कि YouTube Partner Program में शामिल, भारत के किसी क्रिएटर ने पिछले महीने YouTube से 1,000 डॉलर कमाए. उसके चैनल ने इसमें से 100 डॉलर की कमाई, अमेरिका के दर्शकों से की.
यहां बताया गया है कि किन हालात में किस दर से टैक्स के लिए पैसे रोके जाएंगे:
- क्रिएटर ने टैक्स की जानकारी सबमिट न की हो: इस मामले में, टैक्स के लिए 240 डॉलर काटे जाएंगे. इसकी वजह यह है कि टैक्स की जानकारी सबमिट नहीं करने पर, कुल कमाई का 24% हिस्सा टैक्स के लिए रोका जाता है. इसका मतलब यह है कि जब तक क्रिएटर अपने टैक्स की पूरी जानकारी नहीं देता, तब तक हमें अमेरिका ही नहीं, बल्कि दुनिया भर से हुई उसकी कुल कमाई का 24% हिस्सा टैक्स के तौर पर काटना होगा.
- क्रिएटर ने अपने टैक्स की जानकारी सबमिट करके, टैक्स समझौते के तहत मिलने वाले फ़ायदों पर दावा किया हो: इस मामले में, टैक्स के लिए 15 डॉलर की कटौती होगी. ऐसा इसलिए है, क्योंकि भारत और अमेरिका के बीच एक टैक्स समझौता है. इस समझौते के तहत, अमेरिका के दर्शकों से होने वाली कमाई पर सिर्फ़ 15% की दर से टैक्स लिया जाएगा.
- क्रिएटर ने अपने टैक्स की जानकारी सबमिट की हो, लेकिन वह टैक्स समझौते का फ़ायदा पाने की ज़रूरी शर्तें पूरी नहीं करता हो: इस मामले में, कुल 30 डॉलर की कटौती होगी. ऐसा इसलिए है, क्योंकि कोई टैक्स समझौते का फ़ायदा नहीं मिलने की वजह से, सिर्फ़ अमेरिका के दर्शकों से हुई कमाई पर 30% की दर से टैक्स लिया जाएगा.
टैक्स के लिए रोके जाने वाले पैसों का अनुमान लगाना
टैक्स के लिए काटे जाने वाले पैसों का अनुमान देने वाले उदाहरण की मदद से देखें कि आपको YouTube से होने वाली कमाई पर क्या असर पड़ सकता है:
- YouTube Analytics में रेवेन्यू की रिपोर्ट देखें और टैक्स का हिसाब लगाने के लिए, पेमेंट अवधि की तारीख सेट करें. जैसे, 1 से 31 अक्टूबर. YouTube Analytics में वह मुद्रा सेट करने से आपको मदद मिल सकती है जिसमें आपको पेमेंट किया जाता है. उदाहरण के लिए, डॉलर.
- अमेरिका में रहने वाले दर्शकों से मिला रेवेन्यू देखने के लिए, 'देश या इलाका' फ़िल्टर इस्तेमाल करें. YouTube Analytics में अपने दर्शकों के बारे में ज़्यादा जानें.
- टैक्स की दर जानने के लिए, अपने AdSense for YouTube खाते पर जाएं. अमेरिकी कानून के हिसाब से अपने टैक्स की जानकारी सबमिट करने के बाद ही, आपको अपनी कमाई पर लगने वाले टैक्स की दर का पता चलेगा.
- ऊपर दिए गए दूसरे और तीसरे चरण के नतीजों को गुणा करें.
ध्यान रखें कि ऊपर बताए गए तरीके से, टैक्स के लिए रोके गए पैसों का सिर्फ़ अनुमान लगाया जा सकता है. Google जब टैक्स के लिए पैसे रोकेगा, तब AdSense for YouTube की पेमेंट रिपोर्ट में, टैक्स के लिए रोके गए पैसे दिखेंगे. ऐसा सिर्फ़ टैक्स के दायरे में आने वाले खातों के लिए होगा.
अगर मेरे चैनल पर अमेरिका के दर्शकों से कोई कमाई नहीं हो रही है, तो क्या होगा?
मैं अमेरिका में रहने वाला/वाली क्रिएटर हूं या नहीं, यह तय करने के लिए ज़रूरी नियम और शर्तें क्या हैं?
यह इस बात से तय होता है कि आपने टैक्स की जानकारी में अपनी रिहाइश के तौर पर किस देश का नाम दिया है.
Google सिर्फ़ अमेरिका में रहने वाले YouTube के दर्शकों से हुई कमाई पर अमेरिका के कानून के हिसाब से टैक्स के पैसे रोकेगा. हालांकि, ऐसा भी हो सकता है कि आपकी कमाई पर, आपके रिहाइश वाले देश के इनकम टैक्स से जुड़े कानून लागू हों.
कई देशों के बीच टैक्स के ऐसे समझौते होते हैं जिनकी वजह से, दोहरा टैक्स नहीं देना पड़ता या इसमें कमी आती है. इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टैक्स के बोझ में कमी लाने के लिए, कुछ देशों में विदेशी टैक्स क्रेडिट की अनुमति दी जा सकती है. AdSense for YouTube खाते के टैक्स टूल में जाकर, टैक्स समझौते से जुड़े फ़ायदों पर दावा करके, अपना टैक्स कम किया जा सकता है. कृपया अपने टैक्स सलाहकार से संपर्क करें. इस बारे में यहां ज़्यादा जानें
Google, टैक्स से जुड़े किस तरह के दस्तावेज़ उपलब्ध कराता है?
टैक्स के लिए रोके गए कुल पैसों को पेमेंट रिपोर्ट में, पेमेंट साइकल के हिसाब से देखा जा सकता है. टैक्स के लिए रोके गए पैसों की जानकारी, आम तौर पर अगले महीने की पेमेंट रिपोर्ट में दिखती है. उदाहरण के लिए, अप्रैल में रोके गए पैसों की जानकारी, मई की पेमेंट रिपोर्ट में दिखेगी. अगर आपके खाते में, कुछ समय के लिए पेमेंट पर रोक लगती है या खाते से जुड़ी कोई दूसरी समस्या होती है, तो कई महीनों के टैक्स के लिए रोके गए कुल पैसों की जानकारी, बाद में एक साथ दिख सकती है.
टैक्स की जानकारी सबमिट करने वाले जिन क्रिएटर्स की कमाई, टैक्स के दायरे में आती है उन्हें 14 अप्रैल या उससे पहले, 1042-S जैसा एक टैक्स फ़ॉर्म मिलेगा. यह फ़ॉर्म, पिछले साल टैक्स के लिए रोके गए पैसों के लिए होगा. अमेरिका में रहने वाले क्रिएटर्स के लिए, आम तौर पर मार्च की शुरुआत में फ़ॉर्म 1099-MISC जारी किए जाते हैं. साल के आखिर में, अमेरिका में मिलने वाले टैक्स फ़ॉर्म की कॉपी पाने, उसमें बदलाव करने या उसे रद्द करने का अनुरोध करने के लिए, हमारे सहायता केंद्र पर जाएं.
टैक्स के दस्तावेज़ पाने से जुड़ी प्राथमिकताएं
साल के आखिर में मिलने वाले टैक्स फ़ॉर्म पाने के विकल्प और दस्तावेज़ों की स्थितियों के बारे में जानकारी के लिए, AdSense for YouTube खाते के टैक्स टूल में मौजूद, सेटिंग टैक्स की जानकारी मैनेज करें में जाएं. टैक्स के दस्तावेज़ ऑनलाइन तरीके से पाने या फिर पेपर मेल का विकल्प चुना जा सकता है.
- अगर ऑनलाइन तरीका चुना जाता है, तो टैक्स के सिर्फ़ डिजिटल दस्तावेज़ मिलेंगे.
- अगर पेपर मेल का विकल्प चुना जाता है, तो हम आपके टैक्स फ़ॉर्म में दिए गए डाक पते पर दस्तावेज़ भेजेंगे. आपके दस्तावेज़ ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेंगे.
अगर आपका डाक पता बदल गया है, तो अपनी पेमेंट्स प्रोफ़ाइल में टैक्स की जानकारी अपडेट करें. Google आपकी पेमेंट्स प्रोफ़ाइल में, अमेरिका में लगने वाले टैक्स फ़ॉर्म में सबमिट की गई जानकारी का इस्तेमाल करेगा.
अगर टैक्स की अपडेट की गई जानकारी 10 दिसंबर तक दे दी जाती है, तो Google कुछ मामलों में, अमेरिका में टैक्स के लिए रोके गए पैसे रिफ़ंड कर सकता है. उदाहरण के लिए, अगर टैक्स की कम दर का दावा करने और दूसरे ज़रूरी दस्तावेज़ों को शामिल करने के लिए, W-8 टैक्स फ़ॉर्म को नई जानकारी के साथ एक तय समय में सबमिट किया जाता है, तो ऐसे में Google, टैक्स के लिए रोके गए पैसों का हिसाब दोबारा लगाएगा. साथ ही, अगर ज़्यादा पैसे रोके गए होंगे, तो Google आपके फ़ालतू पैसे रिफ़ंड कर देगा.
ध्यान रखें कि स्थितियों में बदलाव न होने पर, आपको हमें एक ऐफ़िडेविट देना पड़ सकता है. इसमें आपको बताना होगा कि आपके टैक्स फ़ॉर्म में किए गए बदलाव, पिछली तारीख पर किए गए पेमेंट के लिए लागू होते हैं. इसके लिए, यह ज़रूरी है कि आपने सभी शर्तें पूरी की हों. इसके लिए, AdSense for YouTube में मौजूद टैक्स टूल के छठे चरण में मौजूद, “स्थिति में बदलाव होने के ऐफ़िडेविट” सेक्शन में जाएं.
टैक्स के लिए रोके गए फ़ालतू पैसों के रिफ़ंड, आपको पेमेंट साइकल में, टैक्स फ़ॉर्म अपडेट करने के बाद दिखेंगे.
इस तरह के मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं. जिस साल टैक्स के लिए पैसे रोके गए हों उसके आखिर में, Google के पास टैक्स की सही जानकारी सबमिट करना ज़रूरी है. साल के आखिर तक टैक्स की सही जानकारी नहीं देने पर, आपको रिफ़ंड के लिए सीधे आईआरएस से अनुरोध करना होगा. हमारा सुझाव है कि इसके लिए आप किसी पेशेवर टैक्स सलाहकार की राय लें.
आपको मिलने वाला रिफ़ंड, पेमेंट रिपोर्ट में दिखेगा. यह AdSense for YouTube में टैक्स की जानकारी को अपडेट करने के बाद, पेमेंट साइकल के खत्म होने पर दिखेगा.
कई चैनलों के नेटवर्क (एमसीएन) में मौजूद सहयोगी चैनल
एमसीएन से जुड़े सहयोगी चैनलों को अब रिफ़ंड मिल सकता है. इसके लिए, सहयोगी चैनलों को ऐसे मान्य दस्तावेज़ देने होंगे जिनसे यह साबित हो सके कि उन्हें किए गए पेमेंट में से, ज़्यादा ऊंची दर से टैक्स के लिए पैसे रोके गए थे. जिस कैलेंडर ईयर में टैक्स के लिए पैसे रोके गए हैं उसी के लिए रिफ़ंड मिलेगा. मंज़ूरी मिलने के बाद, ओरिजनल कॉन्टेंट के उस मालिक को रिफ़ंड दिया जाएगा जिसे किए गए पेमेंट से, टैक्स के लिए पैसे रोके गए थे.