इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) पते का इस्तेमाल इंटरनेट से कनेक्ट करने और डिवाइस को पहचानने के लिए किया जाता है, ताकि डेस्कटॉप, मोबाइल डिवाइस, और सर्वर जैसे कंप्यूटर एक-दूसरे के साथ डिजिटल तरीके से बातचीत कर सकें.
इंटरनेट का इस्तेमाल करने के लिए, आईपी पता ज़रूरी होता है. इंटरनेट सेवा देने वाली कंपनी इसे आपके डिवाइस के लिए असाइन करती है, जैसे कि केबल, टेलीफ़ोन, वायरलेस इंटरनेट या मोबाइल सेवा देने वाली कंपनी. आईपी पते की मदद से, इंटरनेट से कनेक्ट किए गए अलग-अलग कंप्यूटर एक-दूसरे को पहचानते हैं, ताकि वेबसाइटों या सेवाओं के डेटा को एक-दूसरे के पास भेज सकें और पा सकें. जब आप किसी वेबसाइट (जैसे कि google.com) पर जाते हैं, तो इंटरनेट सेवा देने वाली कंपनी आपके आईपी पते का इस्तेमाल करके, यह पक्का करती है कि वह वेबसाइट आपके डिवाइस पर खुले.
Google आपके आईपी पतों का इस्तेमाल कैसे करता है
Google करीब-करीब हर काम में आईपी पते का इस्तेमाल करता है, डेटा केंद्र बनाने और हमारे इंजीनियर को Search या Maps जैसे उत्पाद बनाने की सुविधा देने से लेकर आपके फ़ोन में YouTube वीडियो पहुंचाने तक.
आईपी पते का इस्तेमाल करके Google, खोजे गए कॉन्टेंट को आपके पास पहुंचाता है. आईपी पतों का इस्तेमाल दूसरे कामों में भी किया जाता है, जैसे कि जगह की जानकारी के हिसाब से आपको काम के नतीजे दिखाना और आपके खाते को सुरक्षित रखने में मदद करना.
आपकी जगह की जानकारी का इस्तेमाल करके, स्थानीय नतीजे दिखाने के लिए
किसी फ़ोन नंबर क्षेत्र कोड की तरह, आईपी पते भौगोलिक जानकारी पर आधारित होते हैं. इसका मतलब है कि आप जिस ऐप्लिकेशन या वेबसाइट का इस्तेमाल करते हैं उसे आपके इलाके के बारे में कुछ जानकारी मिल सकती है. इन वेबसाइटों में google.com भी शामिल है. जब Google उस इलाके का अनुमान लगा लेता है जहां आप हैं, तो वह उस जगह के हिसाब से आपको काम के नतीजे दिखा सकता है.
उदाहरण के लिए, जब आप मौसम कैसा रहेगा, यह खोजते हैं, तो Google आपकी जगह की जानकारी के हिसाब से इसके बारे में बता सकता है. इसके लिए, Google आपके आईपी पते का इस्तेमाल कर सकता है. Google पर अपनी जगह की जानकारी प्रबंधित करने के तरीके के बारे में ज़्यादा जानें.
अहम जानकारी: आईपी पतों के बिना, इंटरनेट काम नहीं करता. Google जैसी सेवाएं, साइटें या ऐप्लिकेशन इस्तेमाल करने पर, उन्हें आपकी जगह की कुछ जानकारी मिल सकती है.
अपने खाते को सुरक्षित रखने में मदद के लिए
जब आपके खाते से साइन इन किया जाता है या आप अपने साइन इन किए गए डिवाइस की जांच करते हैं, तो हम आईपी पते का इस्तेमाल करके, यह अनुमान लगाते हैं कि आपका डिवाइस किस जगह पर है.
हालांकि, आपको किसी ऐसी जगह से की गई गतिविधि भी दिख सकती है जिसे आप नहीं पहचानते:
अज्ञात जगह
मैं इस जगह को नहीं पहचानता/पहचानती
आईपी पता कैसा दिखता है
आपका आईपी पता एक आइडेंटिफ़ायर (एक खास वैल्यू) होगा, जैसे कि 203.0.113.42 या 2001:0002:14:5:1:2:bf35:2610.