पिछले अपडेट की तारीख: 11 सितंबर, 2025.
गलत इस्तेमाल रोकने के लिए बनी नीतियां और उनके उल्लंघन को ठीक करने के तरीके
हमारे उपयोगकर्ताओं को अच्छा अनुभव देने में इन नीतियों की अहम भूमिका है. हम इन नीतियों का उल्लंघन करने और सेवा उपलब्ध कराने में रुकावट डालने से जुड़े मामलों को कम करना चाहते हैं. हमारी गुज़ारिश है कि सभी उपयोगकर्ता नीचे दी गई नीतियों का पालन करें, ताकि हम लगातार बेहतर अनुभव देने के लक्ष्य को पूरा कर सकें.
ये नीतियां Google Meet (“Meet”) पर लागू होती हैं. इन नीतियों को लागू करते समय, हम शिक्षा, डॉक्यूमेंट्री, विज्ञान या कला के मकसद से बनाए कॉन्टेंट के मामलों में छूट दे सकते हैं. इसके अलावा, अगर किसी कॉन्टेंट से लोगों को फ़ायदा हो, तो भी हम कार्रवाई नहीं करते. इन नीतियों में बदलाव किए जा सकते हैं. इसलिए, समय-समय पर इन्हें देखते रहें. ज़्यादा जानकारी के लिए, कृपया Google की सेवा की शर्तें भी देखें.
गलत इस्तेमाल की शिकायत करना
अगर आपको लगता है कि नीचे दी गई नीतियों का कोई उल्लंघन कर रहा है, तो गलत इस्तेमाल की शिकायत करें.
Google इन नीतियों का उल्लंघन करने वाले उपयोगकर्ताओं के लिए, Meet का ऐक्सेस या उनके खाते बंद कर सकता है. अगर आपकी सेवा निलंबित कर दी गई है या आपका खाता बंद कर दिया गया है और आपको लगता है कि ऐसा गलती से हुआ है, तो कृपया इस पेज पर दिए गए निर्देशों का पालन करें.
कार्यक्रम की नीतियां
बच्चों की सुरक्षा
Meet का इस्तेमाल करके ऐसा कॉन्टेंट न बनाएं जिसमें बच्चों का यौन शोषण या उनके साथ बुरा बर्ताव दिखाया गया हो. ऐसे कॉन्टेंट को अपलोड या शेयर भी न करें. इसमें बच्चों का यौन शोषण दिखाने वाला हर तरह का कॉन्टेंट शामिल है.
साफ़ शब्दों में, Meet का इस्तेमाल ऐसे किसी भी काम के लिए नहीं किया जा सकता जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो. इसमें बच्चों के शोषण से जुड़ी ये गतिविधियां शामिल हैं. हालांकि, इसमें अन्य गतिविधियां भी शामिल हो सकती हैं:
- 'यौन शोषण से पहले बच्चों को बहलाना-फुसलाना'. उदाहरण के लिए, किसी बच्चे के साथ यौन संबंध बनाने या उससे ऑनलाइन कोई सेक्शुअल गतिविधि करवाने के मकसद से, उससे इंटरनेट पर दोस्ती करना और/या उसके साथ अश्लील तस्वीरों का लेन-देन करना;
- 'सेक्सटॉर्शन' (ऐसा यौन शोषण जिसमें पीड़ित से जुड़ा सेक्शुअल कॉन्टेंट शेयर करने की धमकी देकर, उसके ऊपर किसी तरह का दबाव बनाया जाता है). उदाहरण के लिए, किसी बच्चे की अंतरंग तस्वीरें होने का दावा करके या ऐसी असल तस्वीरें इस्तेमाल करके, उसे धमकाना या ब्लैकमेल करना;
- किसी नाबालिग को अश्लील तरीके से दिखाना. उदाहरण के लिए, ऐसी तस्वीरें या वीडियो शेयर करना जिनमें बच्चों का यौन शोषण दिखाया गया हो, उसे बढ़ावा दिया गया हो या उसके लिए उकसाया गया हो या जिनमें बच्चों को इस तरह दिखाया गया हो जिससे उनका यौन शोषण होने का खतरा हो; और
- बच्चे की तस्करी. उदाहरण के लिए, व्यावसायिक तौर पर यौन शोषण के लिए, किसी बच्चे का विज्ञापन दिखाना या उसे उकसाना.
हम इसके ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई करेंगे. इसके तहत, नैशनल सेंटर फ़ॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉयटेड चिल्ड्रन (एनसीएमईसी) से शिकायत करना, प्रॉडक्ट की सुविधाओं का ऐक्सेस सीमित करना, और खाते बंद करना शामिल है. अगर आपको लगता है कि कोई बच्चा खतरे में है या वह यौन शोषण, बुरे बर्ताव या तस्करी का शिकार हुआ है, तो पुलिस से तुरंत संपर्क करें.
गच्चा देना
ऐसे काम न करें जिनका मकसद हमारी नीतियों को गच्चा देना या अपने खाते पर लगे प्रतिबंध हटवाना हो. इसमें एक से ज़्यादा खाते बनाना या उनका इस्तेमाल करना शामिल है. साथ ही, इसमें अन्य तरीकों से किए जाने वाले ऐसे काम शामिल हैं जिनके लिए आपको पहले रोका गया था.
खतरनाक और गैरकानूनी गतिविधियां
Meet का इस्तेमाल गैरकानूनी या ऐसी गतिविधियां आयोजित करने, उनका प्रचार करने या उनमें शामिल होने के लिए न करें जिनसे लोगों या जानवरों को गंभीर नुकसान होने का खतरा हो.
धोखाधड़ी वाली गतिविधियां
उपयोगकर्ताओं को पैसे कमाने या नुकसान पहुंचाने के मकसद से धोखा न दें, उन्हें गुमराह न करें या भ्रम में न डालें. नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में धोखाधड़ी और बेईमानी के मकसद से निर्देश देना, भर्ती करना या इसकी सुविधा देना शामिल है. धोखाधड़ी वाले कॉन्टेंट में फ़र्ज़ी समीक्षाएं, “जल्दी अमीर बनें” जैसी स्कीम, ऐडवांस शुल्क, रोमांस, स्वीपस्टेक (एक तरह की लॉटरी), और निवेश से जुड़ी धोखाधड़ी वाली गतिविधियों को दिखाना या बढ़ावा देना शामिल है. इसमें ऐसी अन्य गतिविधियां भी शामिल हो सकती हैं.
उत्पीड़न करना, धमकाना, और डराना
किसी का उत्पीड़न न करें और न ही किसी को डराएं या धमकाएं. हम इन गतिविधियों में दूसरों के शामिल होने या उन्हें ऐसा करने के लिए उकसाने के लिए भी इस प्रॉडक्ट का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है. ध्यान रखें कि कई जगहों पर ऑनलाइन उत्पीड़न गैरकानूनी है और उत्पीड़न करने वाले और पीड़ित व्यक्ति, दोनों के लिए उसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं. अगर हमें नुकसान पहुंचाने या दूसरी खतरनाक स्थितियों के बारे में पता चलता है, तो हम उचित कार्रवाई करेंगे. इसके तहत, संबंधित अधिकारियों से आपकी शिकायत भी की जा सकती है.
नफ़रत फैलाने वाली भाषा
नफ़रत फैलाने वाली भाषा का इस्तेमाल न करें. नफ़रत फैलाने वाली भाषा से हमारा मतलब ऐसे कॉन्टेंट से है जो खास तौर पर किसी व्यक्ति या ग्रुप की नस्ल या जाति, धर्म, दिव्यांगता, उम्र, राष्ट्रीयता, पूर्व सैनिक होने, सेक्शुअल ओरिएंटेशन (यौन रुझान), लिंग, और लिंग की पहचान के आधार पर उनके ख़िलाफ़ हिंसा को बढ़ावा देता हो या उसका समर्थन करता हो या जिसका मुख्य मकसद नफ़रत को बढ़ावा देना हो. इसके अलावा, परंपरागत भेदभाव या किसी वर्ग को हाशिये पर रखने जैसी हर तरह की असमानताएं भी इसके दायरे में आती हैं.
किसी दूसरे के नाम पर काम करना और अपनी पहचान को गलत तरीके से पेश करना
किसी दूसरे व्यक्ति या संगठन के नाम पर काम न करें या अपनी पहचान को गलत तरीके से पेश न करें. इसमें खुद को किसी ऐसे व्यक्ति या संगठन के उस प्रतिनिधि के तौर पर पेश करना शामिल है जो आप नहीं हैं. इसके अलावा, इसमें किसी उपयोगकर्ता या साइट की पहचान, योग्यता, मालिकाना हक, मकसद, प्रॉडक्ट, सेवाओं या कारोबार के बारे में गलत जानकारी देना भी शामिल है.
इसमें ऐसा कॉन्टेंट या वे खाते भी शामिल हैं जिनमें मालिकाना हक या मुख्य मकसद से जुड़ी जानकारी को गलत तरीके से पेश किया गया हो. इसमें किसी दूसरे देश की राजनीति, वहां के सामाजिक मुद्दों या सार्वजनिक विषयों से जुड़े कॉन्टेंट को वहां के उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाने के दौरान, अपने मूल देश की पहचान या अपने बारे में ज़रूरी जानकारी को गलत तरीके से पेश करना या जान-बूझकर छिपाना शामिल है. हालांकि, हम पैरोडी, व्यंग्य, और लेखन की चुनिंदा शैलियों के लिए अपनी पहचान बदलने या अपने असली नामों के बजाय दूसरे नामों का इस्तेमाल करने की अनुमति देते हैं. आपको बस ऐसा कॉन्टेंट पोस्ट नहीं करना चाहिए जो लोगों को आपकी असल पहचान के बारे में गुमराह करता हो.
मैलवेयर और इससे मिलता-जुलता, नुकसान पहुंचाने वाला कॉन्टेंट
मैलवेयर या ऐसा कॉन्टेंट शेयर न करें जो नेटवर्क, सर्वर, असली उपयोगकर्ता के डिवाइस या अन्य इंफ़्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाए या उनके कामकाज में रुकावट डाले. इसमें मैलवेयर, वायरस, नुकसान पहुंचाने वाला कोड, नुकसान पहुंचाने वाला या अनचाहा सॉफ़्टवेयर या उससे मिलते-जुलते कॉन्टेंट को सीधे तौर पर होस्ट करना, एम्बेड करना या शेयर करना शामिल है. इसमें वायरस फैलाने वाला, पॉप-अप बनाने वाला, उपयोगकर्ता की मंज़ूरी के बिना सॉफ़्टवेयर इंस्टॉल करने की कोशिश करने वाला या नुकसान पहुंचाने वाले कोड से उपयोगकर्ता पर असर डालने वाला कॉन्टेंट भी शामिल है. ज़्यादा जानकारी के लिए, सुरक्षित ब्राउज़िंग से जुड़ी हमारी नीतियां देखें.
बिना अनुमति लिए, किसी व्यक्ति को सेक्शुअल ऐक्ट में दिखाने वाली अंतरंग तस्वीरें या वीडियो और सेक्सटॉर्शन (ऐसा यौन शोषण जिसमें पीड़ित से जुड़ा सेक्शुअल कॉन्टेंट शेयर करने की धमकी देकर उसके ऊपर किसी तरह का दबाव बनाया जाता है)
किसी व्यक्ति की सहमति के बिना उसकी निजी और नग्न, सेक्शुअल ऐक्ट दिखाने वाली या अंतरंग स्थिति वाली इमेज या वीडियो को सेव या शेयर न करें. अगर किसी व्यक्ति ने आपके साथ आपकी निजी और नग्न, सेक्शुअल ऐक्ट दिखाने वाली इमेज या वीडियो शेयर किया है, तो कृपया यहां जाकर हमसे उसकी शिकायत करें.
किसी व्यक्ति की सहमति के बिना, उसके अश्लील, अंतरंग या उसे शर्मिंदा करने वाले कॉन्टेंट को सार्वजनिक करने या उसे शेयर करने की धमकी न दें.
किसी व्यक्ति के अश्लील, अंतरंग या उसे शर्मिंदा करने वाले कॉन्टेंट को शेयर करने की धमकी देकर, उसे मजबूर (अपनी ताकत का इस्तेमाल करके, उसे बहकाकर या उस पर दबाव डालकर) न करें. इसके अलावा, ऐसा करने के लिए न तो उसे उकसाएं और न ही इसके बदले उससे वित्तीय फ़ायदों या दूसरे सेक्शुअल कॉन्टेंट की मांग करें.
निजी और गोपनीय जानकारी
दूसरे लोगों की निजी या गोपनीय जानकारी को बिना अनुमति के शेयर न करें या दूसरों को न दें. इसमें संवेदनशील जानकारी का इस्तेमाल न करना भी शामिल है. जैसे, अमेरिका का सोशल सिक्योरिटी नंबर, बैंक खाता नंबर, क्रेडिट कार्ड नंबर, हस्ताक्षर की इमेज, और स्वास्थ्य से जुड़े निजी दस्तावेज़ में मौजूद जानकारी. हालांकि, अगर यह जानकारी इंटरनेट पर पहले से कहीं पर आसानी से उपलब्ध हो या किसी सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद हो (जैसे, सरकारी वेबसाइट पर किसी का राष्ट्रीय आईडी नंबर दर्ज हो), तो हम आम तौर पर नीति के उल्लंघन को ठीक करने (एनफ़ोर्समेंट) की कार्रवाइयां नहीं करते.
फ़िशिंग
इस प्रॉडक्ट का इस्तेमाल फ़िशिंग के लिए न करें. इसमें पासवर्ड, वित्तीय जानकारी, और सोशल सिक्योरिटी नंबर जैसा संवेदनशील डेटा मांगना या इकट्ठा करना शामिल है.
बिक्री पर कानूनी नियंत्रण वाला सामान और सेवाएं
बिक्री पर कानूनी नियंत्रण वाली सेवाएं और सामान न बेचें. इसके अलावा, न तो उनका विज्ञापन दें और न ही उन्हें बेचने में मदद करें. ऐसे सामान और सेवाओं में शराब, जुआ, दवाएं, तंबाकू, पटाखे, हथियार या स्वास्थ्य/मेडिकल डिवाइस शामिल हैं. इनमें ऐसे सप्लीमेंट भी शामिल हैं जिन्हें मंज़ूरी नहीं मिली है.
साफ़ तौर पर सेक्शुअल ऐक्ट दिखाने वाला कॉन्टेंट
सेक्शुअल ऐक्ट दिखाने वाला कॉन्टेंट शेयर न करें. जैसे, नग्नता, सेक्शुअल ऐक्ट वाले ग्राफ़िक, और अश्लील कॉन्टेंट. इसमें उपयोगकर्ताओं को पॉर्नोग्राफ़ी से कमाई करने वाली साइटों पर भेजने वाला कॉन्टेंट भी शामिल है. हालांकि, अगर ऐसे किसी कॉन्टेंट को शिक्षा, डॉक्यूमेंट्री, विज्ञान या कला के मकसद से बनाया गया हो, तो हम उसे शेयर करने की अनुमति देते हैं.
स्पैम
स्पैम मैसेज न भेजें. इसमें ऐसा अनचाहा कॉन्टेंट शामिल है जो व्यावसायिक हो, प्रमोशन से जुड़ा हो, किसी ऑटोमेटेड प्रोग्राम की मदद से तैयार किया गया हो या लोगों को बार-बार दिखता हो. इसमें बड़े स्तर पर लोगों को लुभाने के लिए बनाया गया या ग़ैर-ज़रूरी कॉन्टेंट भी शामिल है.
सिस्टम से छेड़छाड़
इस प्रॉडक्ट का गलत इस्तेमाल न करें. साथ ही, किसी कंपनी के नेटवर्क, डिवाइस या अन्य इंफ़्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाने, उसे कमज़ोर करने या उस पर गलत असर डालने वाली कार्रवाई न करें. इसमें प्रॉडक्ट के किसी भी हिस्से या उसकी सेवाओं को कमज़ोर करना, उन्हें बंद करना या उनसे छेड़छाड़ करना शामिल है.
हिंसा और खून-खराबे वाला कॉन्टेंट
ऐसा कॉन्टेंट शेयर न करें जिसमें लोगों या जानवरों के साथ हिंसा या खून-खराबा दिखाया गया हो और जिसका मुख्य मकसद ख़ौफ़ पैदा करना या सनसनी फैलाना हो या जिसका कोई आधार न हो. इसमें हिंसा से जुड़ा दिल दहलाने वाला कॉन्टेंट शामिल है. जैसे, अंगों को शरीर से अलग करने जैसी गतिविधियों या कटी-फटी लाशों का क्लोज़-अप फ़ुटेज. अगर आप शिक्षा, डॉक्यूमेंट्री, विज्ञान या कला से जुड़ी वजहों से बहुत ज़्यादा खून दिखाते हुए दिल दहलाने वाली सामग्री बना रहे हैं, तो उसकी मंज़ूरी है. हालांकि, कृपया लोगों को इतनी जानकारी ज़रूर दें कि वे समझ सकें कि यहां किस बारे में बात हो रही है. कुछ मामलों में संदर्भ दिए जाने के बावजूद, कॉन्टेंट में इतनी ज़्यादा हिंसा दिखाई जाती है या वह इतना ज़्यादा परेशान करने वाला होता है कि उसे हमारे प्लैटफ़ॉर्म पर नहीं रखा जाता. अन्य लोगों को भी हिंसक काम करने के लिए बढ़ावा न दें.
हिंसक संगठन और गतिविधियां
आतंकवादी संगठन किसी भी मकसद के लिए, इस प्रॉडक्ट का इस्तेमाल नहीं कर सकते. इसमें आतंकवादियों की भर्ती करना भी शामिल है. हम आतंकवाद से जुड़े कॉन्टेंट, जैसे कि आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने, हिंसा करने के लिए उकसाने या आतंकवादी हमलों का जश्न मनाने पर भी मीटिंग के आयोजकों या उसमें हिस्सा लेने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेंगे.